साल 2025 का दूसरा पूर्ण चंद्र ग्रहण (Lunar Eclipse 2025) 7 सितंबर की रात को लगेगा, जो भारत समेत कई देशों में दिखाई देगा। यह ग्रहण 3 घंटे 28 मिनट तक चलेगा और भारत में इसका सूतक काल मान्य होगा। जानिए पूरा विवरण।
By ADITYA KUMAR
Publish Date: Wed, 30 Jul 2025 05:59:36 PM (IST)
Updated Date: Wed, 30 Jul 2025 05:59:36 PM (IST)
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। साल 2025 का दूसरा चंद्र ग्रहण (Chandra Grahan 2025) 7 सितंबर को भाद्रपद पूर्णिमा की रात लगेगा। यह एक पूर्ण चंद्र ग्रहण (Full Lunar Eclipse) होगा, जो भारत समेत एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, अमेरिका और न्यूजीलैंड में भी दिखाई देगा।
कुल 3 घंटे 28 मिनट तक ग्रहण
यह खगोलीय घटना रात 9:57 बजे शुरू होकर 8 सितंबर की सुबह 1:26 बजे तक चलेगी, यानी कुल 3 घंटे 28 मिनट तक। ग्रहण के दौरान पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है, जिससे चंद्रमा पर पृथ्वी की छाया पड़ती है और वह आंशिक या पूर्ण रूप से ढक जाता है।

भारत में सूतक काल कब तक मान्य?
भारत में यह ग्रहण पूरी तरह दिखाई देगा, इसलिए यहां इसका सूतक काल मान्य होगा। सूतक काल ग्रहण से 9 घंटे पहले शुरू हो जाता है, यानी दोपहर से ही धार्मिक कार्यों पर रोक लग जाएगी। इस दौरान भोजन, यात्रा और पूजा-पाठ से बचने की सलाह दी जाती है। मंदिरों के पट बंद हो जाते हैं और किसी भी प्रकार की शुभ गतिविधियाँ वर्जित मानी जाती हैं।
इन्हें विशेष सतर्कता बरतने की सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि ग्रहण के दौरान मानसिक रूप से ध्यान लगाना लाभकारी होता है। वहीं गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है। यह खगोलीय घटना जहां वैज्ञानिकों के लिए शोध का विषय है, वहीं धार्मिक दृष्टि से भी इसका विशेष महत्व होता है।







