वैंकूवर, (मलकीत सिंह)। कनाडा के सरे शहर से संबंध रखने वाले एक पंजाबी मूल के दस्तारधारी युवक ने अमेरिकी कॉलेज बास्केटबॉल में इतिहास रच दिया है। सरे के फ्लीटवुड पार्क सेकेंडरी स्कूल के पूर्व छात्र ईशर सिंह सराय ने एनसीएए डिवीजन-1 की टीम के साथ जुड़कर एक अनोखी उपलब्धि हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ईशर सिंह सराय ने हाल ही में अमेरिका की विन्थरोप यूनिवर्सिटी के साथ कमिटमेंट की है। इसके साथ ही वह एनसीएए डिवीजन-1 बास्केटबॉल में खेलने वाले पहले दस्तारधारी खिलाड़ी बन गए हैं, जिससे पंजाबी समुदाय में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।
खेल विशेषज्ञों के अनुसार यह उपलब्धि केवल ईशर सिंह के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे सिख समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक पल मानी जा रही है। बास्केटबॉल जैसी प्रतिस्पर्धात्मक खेल में पगड़ी और दाढ़ी के साथ अपनी पहचान कायम रखते हुए उच्च स्तर तक पहुंचना कई युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है।
बताया जा रहा है कि ईशर सिंह सराय ने स्कूल और क्लब स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते वह अमेरिकी कॉलेज बास्केटबॉल स्काउट्स की नजर में आए। अब उनकी इस उपलब्धि को सरे और वैंकूवर के पंजाबी समुदाय द्वारा बड़े गर्व के साथ देखा जा रहा है।







