घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी देखी गयी और इस दौरान टाटा समूह की फैशन और लाइफस्टाइल रिटेल कंपनी ट्रेंट का शेयर 13 प्रतिशत के करीब उछल गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सुबह 126 अंक ऊपर 72,508 अंक पर खुला। इसके बाद इसका ग्राफ लगातार ऊपर की ओर बढ़ता रहा। बंद होने से पहले एक हजार अंक तक उछलने के बाद अंत में यह 685.34 अंक (0.95 प्रतिशत) चढ़कर 73,067.81 अंक पर बंद हुआ।
ट्रेंट ने सोमवार को शेयर बाजारों को दिये गये अपडेट में बताया था कि गत 30 सितंबर को समाप्त दूसरी तिमाही में उसका राजस्व 23 प्रतिशत बढ़कर 5,788 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इससे आज उसका शेयर 12.78 प्रतिशत चढ़कर 2,904 रुपये पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 220.35 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,776.10 अंक पर पहुंच गया। सोमवार को भी दोनों सूचकांक हरे निशान में रहे थे।
वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.23 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.08 प्रतिशत मजबूत हुआ।
Also Read : टोक्यो में अल्काराज का जलवा
सेक्टर आधारित समूहों में रसायन फार्मा, तेल एवं गैस, स्वास्थ्य, एफएमसीजी और वित्तीय कंपनियों के समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक चढ़ गए। आईटी और रियल्टी सेक्टरों में गिरावट रही।
एनएसई में जिन 3,695 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,453 के शेयरों में तेजी और 1,125 में गिरावट रही। अन्य 117 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट की 12.78 प्रतिशत की तेजी के बाद कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 3.59 प्रतिशत की बढ़त में रहा। हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर 2.83 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.77, इंडिगो का 2.23, इटरनल का 2.08, एशियन पेंट्स का 2.03 और एक्सिस बैंक का 2.01 प्रतिशत चढ़ गया।
भारती एयरटेल में 1.49 प्रतिशत और सन फार्मा में 1.07 प्रतिशत की तेजी रही। एलएंडटी, बीईएल, एचडीएफसी बैंक, मारुति सुजुकी, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, अडानी पोर्ट्स और टाटा स्टील के शेयर भी हरे निशान में रहे।
टेक महिंद्रा का शेयर 2.30 प्रतिशत टूट गया। टाइटन में 1.30 फीसदी और बजाज फाइनेंस में 0.95 फीसदी की गिरावट रही। आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंफोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टीसीएस के शेयर भी नीचे बंद हुए।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.05 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग एक प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.31 प्रतिशत ऊपर रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.56 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.25 प्रतिशत ऊपर रहा।
Pic Credit : UNI







