Parmarth TV
चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार द्वारा प्रवासी भारतीयों से संपर्क एवं समन्वय स्थापित करने, उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करने तथा देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में रह रहे प्रवासी भारतीयों को राजस्थान में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपे जाने की पहल में चित्तौड़गढ़ से जुड़े चार अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
इनमें चित्तौड़गढ़ की पूर्व उपखंड अधिकारी एवं वर्तमान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, चित्तौड़गढ़ के पूर्व जिला कलेक्टर एवं वर्तमान में आयुक्त, राजस्थान आवासन मंडल, जयपुर अरविंद पोसवाल, चित्तौड़गढ़ की पूर्व जिला कलेक्टर एवं वर्तमान में वित्त विभाग में विशिष्ट शासन सचिव (बजट) के पद पर सेवारत शिवांगी स्वर्णकार तथा निंबाहेड़ा के पूर्व उपखंड अधिकारी,चित्तौड़गढ़ के पूर्व जिला कलेक्टर एवं वर्तमान में स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान के प्रमुख शासन सचिव रवि जैन शामिल हैं।
प्रवासी भारतीयों से समन्वय और राजस्थान में निवेश को मिलेगा प्रोत्साहन
प्रवासी भारतीयों के साथ बेहतर संपर्क स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझकर समाधान के लिए आवश्यक समन्वय करना तथा राजस्थान में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना राज्य के आर्थिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में रह रहे प्रवासी भारतीयों के अनुभव, उद्यमशीलता, पूँजी और व्यावसायिक संपर्कों का लाभ लेकर राजस्थान में उद्योग, रोजगार और विकास की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। चित्तौड़गढ़ जिले में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दे चुके इन चारों वरिष्ठ अधिकारियों का राजस्थान के प्रशासनिक कार्यों में महत्वपूर्ण जुड़ाव रहा है। उनकी नई जिम्मेदारियों के माध्यम से प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद बढ़ाने, उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करने और प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है। पत्रकार मनोहर लाल अग्रवाल, चित्तौड़गढ़ ने गायत्री राठौड़, अरविंद पोसवाल, शिवांगी स्वर्णकार एवं रवि जैन को नई जिम्मेदारियां मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि चारों वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव और प्रयासों से प्रवासी भारतीयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा, उनकी समस्याओं के समाधान में सहायता मिलेगी तथा राजस्थान में निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।
PC: bhajanlal
Parmarth TV







