Parmarth TV
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जल जीवन मिशन को लेकर पूर्ववर्ती सरकार को निशाने पर लिया है। सीएम ने बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों को प्रभावी रूप से पूरा करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है।
पूर्ववर्ती सरकार के दौरान इस योजना में अनियमितताएं हुई तथा कई कार्य अधूरे रह गए, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों को लक्ष्य निर्धारण के साथ तय समयसीमा में पूरा करें तथा इसकी विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार करें।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रदेश में पेयजल एवं बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पानी और बिजली आपूर्ति को लेकर आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में शिकायतें प्राप्त होने पर संबंधित जिला कलक्टर एवं विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी।
गर्मी के दौरान आमजन को राहत पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी जिला कलक्टर नियमित रूप से पानी-बिजली आपूर्ति को लेकर साप्ताहिक बैठकें कर निरंतर मॉनिटरिंग करें। संबंधित शिकायतों का विभागीय अधिकारी प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
सीएम ने कहा कि गर्मी के दौरान आमजन को राहत पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, पेयजल एवं आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के अनुरूप पेट्रोल-डीजल बचत के लिए सभी अधिकारी भी वाहनों के उपयोग में मितव्ययिता बरतें।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







