Parmarth TV
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेशभर के करीब 460 मंदिरों में दीपोत्सव की तैयारियों पर बजट जारी न होने के संकट को लेकर भजनलाल सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने इस संबंध में आज एक खबर को शेयर कर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 33 लाख दीये जलाकर रिकॉर्ड बनाने वाली भाजपा के राज में राजस्थान के मंदिरों में दीपावली पर दीपदान के लिए मात्र दो लीटर तेल और 50 दीपकों तक का बजट अटका हुआ है।
प्रदेशभर के करीब 460 मंदिरों में दीपोत्सव की तैयारियों पर बजट जारी न होने का संकट
पूर्व सीएम गहलोत ने इस संबंध में आगे कहा कि धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा सरकार के शासन में प्रदेशभर के करीब 460 मंदिरों में दीपोत्सव की तैयारियों पर बजट जारी न होने का संकट है। पांच दिन के दीपदान के लिए सिर्फ़ दो लीटर तेल और 50 दीपक देने की व्यवस्था है।
अन्नकूट जैसे आयोजनों की तैयारियां प्रभावित होने की आशंका
गहलोत ने कहा कि हर साल दीपावली से करीब एक महीने पहले जारी होने वाली राशि इस बार अब तक अटकी हुई है, जबकि अगले सप्ताह से छह दिवसीय दीपोत्सव पर्व शुरू होना है। भगवान के विशेष श्रृंगार, भोग, फूल बंगला, दीपदान, रंगोली और अन्नकूट जैसे आयोजनों की तैयारियां प्रभावित होने की आशंका है। जो सरकार रात-दिन सनातन की बात करती है, वह भगवान के मंदिरों में दीपक जलाने के लिए बजट तक समय पर नहीं दे पा रही। यह आस्था के साथ खिलवाड़ है।
PC: aajtak
Parmarth TV







