जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशाेक गहलोत ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की "वोट बचाओ, देश बचाओ" महारैली को लेकर भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लिया है। इस महारैली को लेकर गहलोत ने एक्स के माध्यम से कहा कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की "वोट बचाओ, देश बचाओ" महारैली से भाजपा और केंद्र सरकार इतनी घबराई हुई है कि अब व्यापारी संगठनों के कंधे पर बंदूक रखकर रैली में व्यवधान डालने की कोशिश की जा रही है।
जब कांग्रेस और इंडिया गठबंधन वोट चोरी और चुनाव आयोग की निष्पक्षता जैसे लोकतंत्र के बुनियादी सवाल उठाते हैं, तब सरकार जवाब देने के बजाय कभी सड़क, मेट्रो और रेलगाड़ियां बंद करती है, तो कभी व्यापारी नेताओं से बयान जारी करवाती है। मुझे विश्वास है कि देशवासी भी समझ चुके हैं कि यह लड़ाई सिर्फ़ कांग्रेस या विपक्ष की नहीं, देश के लोकतंत्र और भविष्य को बचाने की है, जिसमें व्यापारी भी शामिल हैं।
देश की आजादी की लड़ाई में अनेक बड़े व्यापारिक घरानों की भूमिका को देश आज भी नहीं भूला
गहलोत ने कहा कि यह बात अब सार्वजनिक हो चुकी है कि मोदी सरकार सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है। जब देश में लोकतंत्र ही नहीं बचेगा, तो व्यापारी भी अपना काम कैसे कर पाएंगे? दिल्ली के व्यापारियों से अपील है कि वे अपने वोट की ताकत को बचाने के लिए अपने प्रतिष्ठान से एक दिन का समय निकालकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की इस रैली में आएं और लोकतंत्र को बचाने के लिए अपनी आवाज बुलंद करें। हम जानते हैं कि त्योहारी सीजन है, पर आपके इस कदम का संदेश पूरे देश में जाएगा। देश की आजादी की लड़ाई में बिरला, पोद्दार, बजाज जैसे अनेक बड़े व्यापारिक घरानों की भूमिका को देश आज भी नहीं भूला है।
यह लड़ाई केवल राजनीतिक पार्टियों तक सीमित नहीं, बल्कि देश को बचाने की है
पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि जैसा कि हमारे नेता राहुल गांधी कह रहे हैं, जब वोट ही चोरी हो जाए, तो कुछ भी सुरक्षित नहीं रहता: न आपकी दुकान, न आपकी बचत, न आपके बच्चों का भविष्य। इसलिए यह लड़ाई केवल राजनीतिक पार्टियों तक सीमित नहीं, बल्कि देश को बचाने की है।
PC: hindi.news18
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें







