इंटरनेट डेस्क। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में एक निजी कंपनी की पार्टी में युवती से कथित दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कंपनी के दस साल पूरे होने पर दिल्ली से करीब 40 कर्मचारी रामनगर स्थित एक रिजॉर्ट में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। खबरों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान एक युवती ने अपने ही सहकर्मी पर जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे सहकर्मी पर भी दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर रामनगर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है।
क्या था पूरा मामला
मीडिया रिपोटर्स की माने तो दिल्ली की एक निजी कंपनी के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नैनीताल जिले के रामनगर के ढेला क्षेत्र स्थित एक रिजॉर्ट में कॉर्पाेरेट कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कंपनी की शाखाएं दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद समेत कई स्थानों पर संचालित हैं। लेकिन इस विशेष आयोजन में लगभग 40 कर्मचारियों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में कंपनी से संबंधित बैठकों, कॉन्फ्रेंस और अन्य गतिविधियों के साथ कर्मचारियों के मनोरंजन के लिए पार्टी की भी व्यवस्था की गई थी।
दसवीं वर्षगांठ का जश्न बना विवाद की वजह
पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, कंपनी ने 24 और 25 अक्टूबर को दो दिवसीय कॉर्पाेरेट आउटिंग आयोजित की थी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कर्मचारी दिल्ली और आसपास के इलाकों से रामनगर पहुंचे थे। दिन में कंपनी से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं, जबकि शाम को पार्टी रखी गई थी। इसी कार्यक्रम के दौरान युवती के साथ कथित यौन अपराध की घटना सामने आई। पीड़िता दिल्ली की रहने वाली है और कंपनी की सेल्स टीम से जुड़ी बताई गई है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 अक्टूबर की रात करीब 11.30 बजे उसे रिजॉर्ट के एक कमरे में बुलाया गया था। वहां कंपनी की सेल्स टीम के कुछ सदस्य मौजूद थे और शराब पी रहे थे। युवती का आरोप है कि कमरे में मौजूद उसके सहकर्मी शुभम ने उस पर शराब पीने का दबाव बनाया। इसके बाद कथित तौर पर उसे जबरन और शराब पिलाई गई। शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान शुभम ने युवती के साथ उसकी सहमति के बिना शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने इस घटना को दुष्कर्म बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
pc- danik bhaskar







