Parmarth TV
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। इसी के तहत शुक्रवार को बांसवाड़ा, बूंदी और भीलवाड़ा समेत कई जिलों में जमकर बारिश हुई। चूरू, हनुमानगढ़ और बीकानेर में ओले भी गिरे। आंधी-बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली है।
राजधानी जयपुर के साथ ही करौली, दौसा, डूंगरपुर और नागौर समेत कई शहरों का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ चुका है। मौसम विभाग की ओर से आज भी प्रदेश के 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 8 जून से प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में एक बार फिर लोगों को भीषण गर्मी का कहर झेलना पड़ेगा। मौसम विभाग ने गर्मी के तेवर तीखे होने और हीटवेव की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने जयपुर, सीकर, अजमेर और अलवर सहित प्रदेश के बड़ी संख्या में जिलों के लिए बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
आगामी 2 से 3 दिनों तक 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कई जिलों में मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 8 जून के बाद पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और फलौदी जैसे क्षेत्रों में हीटवेव का असर शुरू होने का अलर्ट है। इस दौरान तापमान फिर से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण तंत्र के सक्रिय होने से कई जिलों में अगले 48 से 72 घंटों तक मौसम बिगड़ा रह सकता है। आंधी-बारिश के कारण कई लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है।
PC:news18
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें
Parmarth TV







