जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब जनधन योजना को लेकर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इस संबंध में आज एक्स के माध्यम से कहा कि जनधन योजना का हर चौथा खाता निष्क्रिय, 5.72 करोड़ खातों में एक रुपया तक नहीं। यह है मोदी सरकार के "गरीब कल्याण" के दावों की असली तस्वीर। यह स्पष्ट संकेत है कि मोदी सरकार की गलत नीतियों से देश में गरीबी बढ़ती जा रही है जिसके कारण बैंके खाते खाली हो गए हैं। दूसरी तरफ देश के चंद अमीर लगातार और अमीर होते जा रहे हैं।
अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी लगातार आवाज उठा रहे हैं कि देश में अमीर और गरीब की खाई बढ़ती जा रही है। मनरेगा जैसी गरीब कल्याण की योजना को बन्द करने के दुष्परिणाम अभी आएंगे तब स्थिति बद से बदतर हो जाएगी। यह बढ़ती असमानता चिंता का विषय है और केंद्र सरकार को गंभीरता से इस दिशा पर ध्यान देना चाहिए।
भजनलाल जी, गौ सेवा सिर्फ नारों में नहीं, टीकाकरण और मुआवजे की व्यवस्था में दिखनी चाहिए
वहीं अशोक गहलोत ने लंपी वायरस को लेकर प्रदेश सरकार को भी निशाने पर लिया है। उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि चार साल बाद राजस्थान में लंपी वायरस ने फिर दस्तक दे दी है, भरतपुर, डीग, धौलपुर, करौली सहित कई जिलों में 10 हजार से ज्यादा गोवंश संक्रमित हो चुके हैं और 6 गायों की मौत हो चुकी है।
जब 2022 में लंपी ने कहर बरपाया था, तब हमारी कांग्रेस सरकार ने उस दौर में गायों को फ्री टीका लगवाया और जिन गोवंश की जान गई, उनके मालिकों को 40 हजार रुपए प्रति गाय मुआवजा दिया था। लेकिन भाजपा सरकार के राज में आज टीकाकरण तक नहीं हो पाया, नतीजा गोवंश फिर मर रहे हैं। सवाल यह है कि भाजपा सरकार कोई काम क्यों नहीं कर रही? भजनलाल जी, गौ सेवा सिर्फ नारों में नहीं, टीकाकरण और मुआवजे की व्यवस्था में दिखनी चाहिए।
PC: livehindustan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें







