धर्म डेस्क, नईदुनिया। वैदिक ज्योतिष में ग्रहों की चाल और नक्षत्र परिवर्तन (Shukra Nakshatra Gochar 2026) को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार ग्रहों की स्थिति में बदलाव का प्रभाव व्यक्ति के जीवन के कई क्षेत्रों जैसे करियर, आर्थिक स्थिति, स्वास्थ्य और रिश्तों पर पड़ सकता है। अब सुख, समृद्धि और वैभव के कारक ग्रह शुक्र अपनी स्थिति में परिवर्तन करने जा रहे हैं।
22 जून को शुक्र करेंगे अश्लेषा नक्षत्र में प्रवेश (Venus Transit 2026)
ज्योतिषीय गणना के अनुसार शुक्र ग्रह 22 जून 2026 को अश्लेषा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। शुक्र इस नक्षत्र में 3 जुलाई 2026 तक संचार करेंगे। अश्लेषा नक्षत्र के स्वामी ग्रह बुध माने जाते हैं। ऐसे में बुध के नक्षत्र में शुक्र का गोचर कुछ राशियों के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां लेकर आ सकता है।
इस दौरान कुछ राशि के जातकों को अपने करियर, आर्थिक फैसलों और स्वास्थ्य को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मेष राशि: खर्चों और कार्यस्थल पर सावधानी जरूरी
मेष राशि के जातकों के लिए यह अवधि उतार-चढ़ाव भरी रह सकती है। आर्थिक मामलों में अचानक बढ़ने वाले खर्च आपकी बचत को प्रभावित कर सकते हैं। कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों या अधिकारियों के साथ मतभेद की स्थिति बन सकती है।
इस समय वाहन चलाते समय सावधानी बरतना जरूरी होगा। साथ ही किसी भी बड़े निवेश से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करने की सलाह दी गई है।
मिथुन राशि: वाणी और धन लेन-देन में सतर्क रहें
मिथुन राशि वालों को इस दौरान अपनी बातचीत पर नियंत्रण रखना होगा। आपकी कोई बात किसी को आहत कर सकती है, जिससे रिश्तों में तनाव बढ़ सकता है।
धन के लेन-देन में सावधानी बरतें। अनावश्यक खर्च मानसिक तनाव का कारण बन सकते हैं, इसलिए बजट बनाकर चलना बेहतर रहेगा।
सिंह राशि: आर्थिक और स्वास्थ्य मामलों में ध्यान दें
सिंह राशि के जातकों के लिए शुक्र का यह गोचर आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। अधिक खर्च या धन की कमी जैसी स्थिति परेशान कर सकती है।
स्वास्थ्य के मामले में भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। विशेष रूप से अनिद्रा या आंखों से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान देना होगा। कार्यस्थल की राजनीति से दूरी बनाए रखें और कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में जल्दबाजी में फैसला लेने से बचें।
कन्या राशि: मेहनत के बाद भी परिणाम में देरी संभव
कन्या राशि के जातकों को इस दौरान मेहनत के अनुसार परिणाम मिलने में देरी का सामना करना पड़ सकता है। व्यापार से जुड़े लोगों के लिए समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है।
कोई नया काम या बड़ी व्यावसायिक योजना शुरू करने से पहले परिस्थितियों के अनुकूल होने का इंतजार करना बेहतर रहेगा। परिवार में विवाद की स्थिति से बचने की कोशिश करें।
शुक्र की शुभता के लिए करें ये उपाय
- ज्योतिष शास्त्र में शुक्र ग्रह को मजबूत करने के लिए कुछ उपाय बताए गए हैं। शुक्रवार के दिन सफेद या क्रीम रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है।
- शुक्रवार को सफेद मिठाई, चीनी या दूध का दान करना फलदायी माना जाता है।
- शुक्रवार का व्रत रखने और मां लक्ष्मी की पूजा करने से भी शुक्र की शुभता बढ़ने की मान्यता है।
- पूजा के दौरान मां लक्ष्मी को खीर का भोग लगाने और प्रतिदिन “ॐ शुं शुक्राय नमः” मंत्र का जाप करने से शुक्र के नकारात्मक प्रभावों को कम करने में सहायता मिल सकती है।
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। नईदुनिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। नईदुनिया अंधविश्वास के खिलाफ है।







