23 से 29 जून 2025 तक का यह सप्ताह कुछ राशियों के लिए सफलता, लाभ और रिश्तों में मधुरता लेकर आएगा, जबकि कुछ को स्वास्थ्य, वित्त या पारिवारिक मामलों में सावधानी बरतने की जरूरत होगी। ग्रहों की चाल आपके जीवन के हर क्षेत्र में हलचल ला सकती है।
By Anurag Mishra
Publish Date: Mon, 23 Jun 2025 05:19:50 PM (IST)
Updated Date: Mon, 23 Jun 2025 05:19:50 PM (IST)
HighLights
- कुछ राशियों को व्यापार और नौकरी में लाभ मिल सकता है।
- स्वास्थ्य और मानसिक तनाव को लेकर सतर्क रहना जरूरी।
- पारिवारिक विवाद और पैतृक संपत्ति के मामलों में उलझन।
धर्म डेस्क, इंदौर। Weekly Horoscope: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सप्ताहिक ग्रह स्थिति प्रत्येक राशि के जीवन में नए बदलाव लाती है। यह सप्ताह कुछ राशियों के लिए खुशखबरी लेकर आएगा तो कुछ को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। आइए पंडित हर्षित शर्मा जी से जानते हैं 12 राशियों के जातकों का विस्तृत साप्ताहिक राशिफल…
मेष
इस सप्ताह मेष राशि के जातकों के लिए परिस्थितियां थोड़ी जटिल हो सकती हैं। कार्यक्षेत्र में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी और मन अशांत रहेगा। पारिवारिक और व्यक्तिगत समस्याओं के कारण मानसिक अस्थिरता बनी रहेगी। स्वास्थ्य को लेकर भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। विरोधियों की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। किसी लंबी यात्रा के योग हैं। सप्ताह के उत्तरार्ध में निवेश के लिए अच्छा समय है। व्यापार में सफलता मिलने के संकेत हैं। पत्नी और बच्चों से मतभेद संभव है, अतः वाणी पर संयम रखें।
वृषभ
यह सप्ताह वृष राशि वालों के लिए शुभ संकेत लेकर आया है। आप किसी बड़े कार्य में सहभागी बन सकते हैं। घर में मांगलिक कार्यों के योग हैं। पुराने मित्र से मुलाकात होगी और परिवार में खुशियों का माहौल बनेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें, खासकर सुबह व्यायाम को प्राथमिकता दें। बच्चों की शिक्षा चिंता का विषय बन सकती है। व्यापार में परिवर्तन करने और नया कार्य शुरू करने का उचित समय है। राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र में पद और प्रतिष्ठा मिलने के योग हैं।
मिथुन
मिथुन राशि वालों के लिए यह सप्ताह खुशखबरी से भरा रहेगा। घर में किसी नए सदस्य के आगमन के संकेत हैं। आप नई ऊर्जा से भरपूर रहेंगे। व्यापार में फेरबदल और साझेदारी के नए अवसर मिल सकते हैं। रुका हुआ धन वापस मिलने की संभावना है। हालांकि स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी सतर्कता जरूरी है। बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। परिवार के साथ कहीं घूमने जा सकते हैं। पत्नी से हल्के-फुल्के मतभेद संभव हैं, पर संबंध मधुर बने रहेंगे।
कर्क
कर्क राशि के जातकों को इस सप्ताह कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। पारिवारिक झगड़े, स्वास्थ्य समस्याएं और प्रॉपर्टी विवाद तनाव का कारण बन सकते हैं। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। व्यापार में धोखा मिलने की संभावना है, इसलिए किसी भी नए प्रोजेक्ट की शुरुआत न करें। शेयर बाजार में निवेश सोच-समझकर करें। बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बनी रहेंगी। सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में दबाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
सिंह
सिंह राशि वालों के लिए यह सप्ताह चुनौतियों से भरा रहेगा। लेनदेन के मामलों में सावधानी आवश्यक है। किसी को बड़ी रकम उधार न दें। माता-पिता के स्वास्थ्य की चिंता बढ़ सकती है। व्यवसाय में हानि के योग बन रहे हैं। अधिकारियों से विवाद की स्थिति बन सकती है। बड़ी यात्रा टालना उचित रहेगा। खानपान पर नियंत्रण रखें और मन की बातें हर किसी से साझा न करें। वाहन चलाते समय भी विशेष सतर्कता बरतें।
कन्या
कन्या राशि वालों के लिए यह सप्ताह उत्साहजनक रहेगा। घर में मेहमानों का आना-जाना लगा रहेगा और रुके हुए कार्य पूरे होंगे। किसी परिजन को नई नौकरी मिल सकती है। स्वास्थ्य संबंधी हल्की परेशानियां रह सकती हैं लेकिन समग्र रूप से सप्ताह शुभ है। व्यापार में लाभ की स्थिति बन रही है। प्रॉपर्टी खरीदने के योग हैं। परिवार के लिए कोई बड़ा प्लान बना सकते हैं। बच्चों की पढ़ाई को लेकर स्थान परिवर्तन हो सकता है। मांगलिक कार्य और संत दर्शन के योग हैं।
तुला
यह सप्ताह तुला राशि वालों के लिए संतोषजनक रहेगा। रुके हुए कार्य पूरे होंगे और मन प्रसन्न रहेगा। नया काम शुरू कर सकते हैं। पार्टनरों से सहयोग मिलेगा। भूमि, भवन या वाहन खरीदने की योजना बन सकती है। रुका हुआ धन प्राप्त होगा। परिवार के साथ यात्रा का योग है। घर में किसी नए मेहमान के आने से खुशी का माहौल बनेगा। पत्नी-बच्चों के लिए निवेश करना उचित रहेगा। पत्नी के स्वास्थ्य में सुधार होगा, लेकिन बच्चों की शिक्षा चिंता का विषय रहेगी।
वृश्चिक
वृश्चिक राशि वालों को इस सप्ताह निर्णय सोच-समझकर लेने चाहिए। व्यापार में बड़ा निवेश फंस सकता है। योजनाएं बिगड़ सकती हैं, इसलिए सावधानी जरूरी है। व्यर्थ के विवादों से बचें। किसी कार्य विशेष के लिए यात्रा करनी पड़ सकती है। मानसिक तनाव बना रहेगा। पत्नी से विवाद हो सकता है। सप्ताह के उत्तरार्ध में कोई खुशखबरी मिल सकती है। प्रशासनिक कार्यों में सावधानी बरतें।
धनु
धनु राशि वालों के लिए यह सप्ताह सामान्य रहेगा। अधूरे कार्य पूरे होंगे, लेकिन कार्यक्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बनी रहेगी। अधिक मेहनत करनी पड़ेगी, जिससे स्वास्थ्य में गिरावट संभव है। पारिवारिक स्तर पर कोई बड़ा निर्णय ले सकते हैं। पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद की संभावना है। व्यापार में सतर्क रहें। किसी को उधार देना हानिकारक हो सकता है। यात्रा करते समय सामान की सुरक्षा का ध्यान रखें। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभकारी रहेगी।
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभ रहेगा। परिवार की ओर से कोई सरप्राइज मिल सकता है। नौकरी में लाभ और पदोन्नति के योग हैं। अधिकारी वर्ग से संबंध मधुर होंगे। विदेश यात्रा का योग बन सकता है। स्वास्थ्य में हल्की समस्याएं रह सकती हैं। मांगलिक कार्यों के योग हैं। नया व्यापार या प्रॉपर्टी खरीदने का विचार बनेगा। निवेश के लिए अच्छा समय है। पारिवारिक रिश्ते मजबूत होंगे और मतभेद दूर होंगे।
कुंभ
कुंभ राशि वालों के लिए यह सप्ताह परिश्रम का रहेगा। पारिवारिक और व्यापारिक स्थिरता के लिए मेहनत करनी होगी और इसमें सफलता मिलेगी। पारिवारिक विवादों से राहत मिलेगी। प्रॉपर्टी संबंधी विवाद में जीत मिलेगी। पत्नी-बच्चों से संबंध सुधरेंगे। मानसिक तनाव दूर करने के लिए परिवार के साथ समय बिताएं। लॉन्ग ड्राइव या यात्रा से रिश्तों में मजबूती आएगी।
मीन
मीन राशि वालों के लिए यह सप्ताह शुभ रहेगा। नया व्यापार शुरू कर सकते हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। किसी विशेष व्यक्ति के माध्यम से रुका हुआ कार्य पूरा होगा। व्यापार में लाभ होगा और नई साझेदारी शुरू हो सकती है। मकान या वाहन खरीदने का योग है। किसी परिचित के निधन से दुःख होगा। पारिवारिक सहयोग मिलेगा, लेकिन पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद संभव है। वाणी पर संयम रखें और परिवार के साथ समय बिताएं।







