खेल डेस्क। भले ही भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में 24 रनों से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस मैच में टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपने नाम एक रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया है। मैच में अभिषेक शर्मा से बड़ी पारी उम्मीद थी, लेकिन वह 24 गेंदों में 29 रनों की पारी ही खेल सके। इस पारी में 3 चौके और एक छक्का शामिल है।
छक्का लगाते ही अभिषेक ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली, जिसमें वह अब टी20 इंटरनेशनल में भारतीय खिलाड़ी के रूप में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बन गए हैं। इस मामले में अभिषेक ने पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया। अभिषेक साल 2026 में अब तक 33 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 33 पारियों में 29.68 के औसत से 950 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 69 छक्के भी जड़े हैं।
सूर्यकुमार यादव ने इससे पहले साल 2022 में 31 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुल 68 छक्के लगाए थे। अभिषेक शर्मा ने साल 2024 में भी 54 छक्के लगाए थे। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और संजू सैमसन के लिए ये साल शानदार रहा है। इस साल ईशान किशन अब तक 53 छक्के और संजू सैमसन 44 छक्के लगा चुके हैं।
इस मामले में सूर्यकुमार यादव को ही छोड़ा पीछे
अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में फुल मेंबर्स टीम के खिलाड़ी के रूप में भी नंबर-1 की पोजीशन हासिल करने वाले क्रिकेटर हैं। इस मामले में उन्होंने सूर्यकुमार यादव को ही पीछे छोड़ा है।
PC: cricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें







