खेल डेस्क। जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने आज से वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की आधा टीम पवेलियन भेज दी है। टी ब्रेक के समय तक न्यूजीलैंड की टीम ने पांच विकेट गंवाकर 140 रन बना लिए हैं। मेजबान टीम के 5 विकेट तो 70 रन पर ही गिर चुके थे। इसके बाद हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिस्प ने कीवी टीम की पारी को संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी हो चुकी है।

जसप्रीत बुमराह अभी तक तीन विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम दर्ज करवाई। वह अब भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले दसवें नंबर के गेंदबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ को पीछे छोड़ दिया है। टी ब्रेक तक बुमराह ने 12 ओवरों में पांच मेडन ओवर डालकर 3 विकेट अपने नाम किए। इन तीन विकेट के साथ ही बुमराह के टेस्ट क्रिकेट में विकटों की संख्या अब 237 हो चुकी है। श्रीनाथ ने अपने 67 टेस्ट मैचों के कॅरियर में 236 विकेट झटके थे।

अनिल कुंबले के नाम दर्ज है सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड
भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का नाम पूर्व स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले के नाम दर्ज है। उन्होंने 132 टेस्ट मैचों में 619 सफलताए अर्जित की हैं। अश्विन 106 टेस्ट खेलकर 537 विकेट अपने नाम करने में सफल रहे हैं। भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज अभी भी कपिल देव ही हैं। उन्होंने 131 टेस्ट मैचों के कॅरियर में 434 विकेट लिए थे।
PC: cricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें







