Parmarth TV
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर उड़ान योजना के तहत निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन वितरण तत्काल पुनः शुरू करने की मांग की है।
इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है। उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि सेनेटरी नैपकिन की अनुपलब्धता के कारण बालिकाएं एवं महिलाएं असुरक्षित विकल्पों का उपयोग करने को मजबूर होती हैं, जिससे संक्रमण एवं गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है।
हमारी कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2021 में आईएम शक्ति उड़ान योजना शुरू कर प्रदेश की करोड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रतिमाह निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध करवाए थे।
मुख्यमंत्री जी से आग्रह किया है कि पिछले लंबे समय से रुकी इस योजना को पुनः प्रभावी रूप से शुरू किया जाए, सुप्रीम कोर्ट के हाल ही में दिए गए निर्देशों की पालना सुनिश्चित हो, सभी महिलाओं तक इसका विस्तार किया जाए तथा विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाए जाएं।
हेल्थ मॉडल की भाजपा राज में दुर्गति देखकर रूह कांप जाती है
वहीं अशोक गहलोत ने एक अन्य पोस्ट के माध्यम से कहा कि कांग्रेस सरकार में राजस्थान के जिस 'हेल्थ मॉडल' की देश में धूम थी, आज भाजपा राज में उसकी दुर्गति देखकर रूह कांप जाती है। पाली अस्पताल में बिजली गुल होने से लोग अपनों को सीढ़ियों पर घसीट रहे हैं, रामगंजमंडी में एक बेड पर दो-दो मरीज लेटे हैं और आसोप का पूरा सीएचसी सिर्फ एक डॉक्टर के भरोसे है।
जनता के जीवन से सरेआम खिलवाड़
यह महज लापरवाही नहीं, जनता के जीवन से सरेआम खिलवाड़ है। मुख्यमंत्री जी, हमारी योजनाओं का नाम बदलने में जितनी फुर्ती दिखाई, काश उतनी फुर्ती इस भीषण गर्मी में तड़पते मरीजों को डॉक्टर, बेड और बिजली देने में दिखाई होती।
PC:news24online
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें
Parmarth TV







