Parmarth TV
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर दुख प्रकट किया है। सीएम भजनलाल ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि हिंदी एवं मराठी सिनेमा के महान अभिनेता, पद्म श्री से सम्मानित नाना पाटेकर के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।
एक कर्मठ अभिनेता के साथ ही अप्रतिम राष्ट्रभक्त भी थे। वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने भारतीय प्रादेशिक सेना में मानद कैप्टन के रूप में अपनी सेवा दी। उनका जाना भारतीय कला जगत और राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका सशक्त अभिनय, प्रखर व्यक्तित्व और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण सदैव अविस्मरणीय रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों एवं प्रशंसकों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
नाना पाटेकर के निधन से कला जगत को अपूरणीय क्षति हुई: गहलोत
वहीं अशोक गहलोत ने कहा कि प्रख्यात कलाकार नाना पाटेकर के आकस्मिक निधन की जानकारी बेहद दुखद है। उनके निधन से कला जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। सिनेमा एवं रंगमंच के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार एवं उनके प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।
नाना पाटेकर के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद: डोटासरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक्स के माध्यम से कहा कि सिनेमा जगत के दिग्गज कलाकार अभिनेता नाना पाटेकर के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। अपने सशक्त अभिनय, संवाद अदायगी और अद्भुत प्रतिभा से उन्होंने भारतीय सिनेमा में अमिट योगदान दिया है। उनका निधन कला एवं फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके असंख्य प्रशंसकों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







