Parmarth TV
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब राष्ट्रीय पिता महात्मा गांधी को लेकर भाजपा-आरएसएस को निशाने पर लिया है। उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी बात कही है। अशोक गहलोत ने इस संबंध में एकस के माध्यम से कहा कि भाजपा-आरएसएस का गांधी जी के सिद्धांतों में कोई यकीन नहीं है, ये लोग सिर्फ दिखावे के लिए आज उनका नाम लेते हैं। देश में पहली बार राजस्थान में हमारी कांग्रेस सरकार ने महात्मा गांधी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए वर्ष 2019 में शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ बनाया था और अक्टूबर 2022 में इसे अलग विभाग का दर्जा दिया।
हमारा उद्देश्य था कि इस विभाग के जरिए गांधी जी के सत्य और अहिंसा के विचारों तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध उनके संघर्ष से खासतौर पर नई पीढ़ी को जागरूक किया जाए, लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही इस विभाग का गला घोंट दिया, बजट में 95% की कटौती का मतलब साफ है कि विभाग को जानबूझकर शून्य पर ला दिया गया।
विभाग सिर्फ कागजों पर जिंदा है
गहलोत ने कहा कि 82% से अधिक पद खाली पड़े हैं, यानी विभाग सिर्फ कागजों पर जिंदा है। सबसे शर्मनाक बात यह है कि 2023 में आचार संहिता और चुनावों के कारण जो बजट खर्च नहीं हो पाया था, चुनावों के बाद भी भाजपा सरकार उसे खर्च करने की जहमत नहीं उठा सकी। यह लापरवाही नहीं, सोची-समझी साजिश है गांधी के विचारों को दफन करने की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से किया ये आग्रह
अशोक गहलोत ने इस संबंध में आगे कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मेरा आग्रह है कि महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर और मजबूत करने के लिए पुनः इस विभाग को मजबूत करें।
PC: abplive
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







