Lord Jagannath Bhog: मध्य प्रदेश में बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन स्थित इस्कॉन के पीआरओ राघव पंडित दास प्रभु ने बताया कि भगवान जगन्नाथ जगत के पालनहार हैं। इन दिनों वे लौकिक जगत में बीमार होने की लील कर रहे हैं।
By Arvind Dubey
Publish Date: Sat, 14 Jun 2025 12:05:11 PM (IST)
Updated Date: Sat, 14 Jun 2025 12:05:11 PM (IST)
HighLights
- 11 जून को मनाई गई थी ज्येष्ठ पूर्णिमा
- भक्तों ने करवाया था भगवान को स्नान
- अब 27 जून को भक्तों को देंगे दर्शन
धर्म डेस्क, इंदौर (Lord Jagannath Bhog)। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर 11 जून को स्नान के दौरान शीतल जल, दूध व पंचामृत से अत्यधिक स्नान कराने के कारण भगवान जगन्नाथ बीमार हो गए हैं। अब देश के विभिन्न मंदिरों में एकांतवास में सेवक आयुर्वेदिक औषधियों से भगवान का उपचार कर रहे हैं।
शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए भगवान को अदरक, हल्दी, काली मिर्च, तुलसी, दालचीनी से बना काढ़ा पिला रहे हैं। भोजन में छप्पन पकवान के बजाय सूप, सलाद, खिचड़ी, बींस, हरी सब्जी, फल आदि का नैवेद्य लगाया जा रहा है।
इस तरह भगवान अपने भक्तों को बता रहे हैं कि स्वस्थ रहने के लिए हमें संयमित जीवन जीना होगा। ऋतुओं के अनुसार जीवन शैली अपनाना होगी। फिर भी अगर गलती से बीमार हो गए, तो उपचार के लिए आयुर्वेदिक औषधियां अमृत के समान है। छोटे-छोटे घरेलू उपाय से ही बीमारियों का प्रभावी उपचार किया जा सकता है।
एकांतवास में आराम कर रहे भगवान
बीमारी में एकांतवास में रहकर आराम करना भी अपने आप में उपचार की एक विधि है। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित होने के बाद भगवान मंदिर में एकांतवास कर रहे हैं।
सुबह 8 बजे सेवक पुजारी उन्हें अदरक, हल्दी, काली मिर्च, तुलसी, दालचीनी से बना काढ़ा पिला रहे हैं। सुबह शाम मक्कखन के साथ दवाई दी जा रही है। बीमारी से गरिष्ठ भोजन का परहेज रहता है, इसलिए नैवेद्य में सूप, सलाद, दाल, रोटी, हरी सब्जी, खिचड़ी छेने से बनी मिठाई आदि सुपाच्य खाद्य पदार्थों का उपयोग हो रहा है।
यहां भी क्लिक करें – आषाढ़ गणेश संकष्टी चतुर्थी पर बने विशेष योग, इस मुहूर्त पर पूजा करने पर मनोकामनएं हो सकती हैं पूरी
27 जून को भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ आषाढ़ शुक्ल द्वितीया पर 27 जून को स्वस्थ होंगे तथा रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे। दोपहर 2 बजे आकर रोड स्थित कृषि उपज मंडी चौराहा से इस्कॉन मंदिर की विशाल रथ यात्रा शुरू होगी, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए कालिदास अकादमी परिसर में बनाई जा रही गुंडिचा नगरी पहुंचेगी।
यहां भी क्लिक करें – आषाढ़ माह की हुई शुरुआत, जानिए इस महीने में पड़ेंगे कौन से महत्वपूर्ण व्रत? देखें पूरी लिस्ट
जगन्नाथपुरी की तरह इस्कॉन की रथ यात्रा में भी तीन रथ शामिल होंगे। एक रथ पर भगवान जगन्नाथ, दूसरे रथ पर बलदेव तथा तीसरे रथ पर सुभद्रा महारानी सवार होकर भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे।







