खेल डेस्क। भले भारतीय टीम को पांच मैचों की टी20 सीरीज के रांची में खेले गए दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन मैच में भारतीय टीम के उप कप्तान तिलक वर्मा ने अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया है। टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी तिलक वर्मा ने मैच में केवल 18 गेंदों में 44 रनों की नाबाद पारी खेली।
तिलक वर्मा ने अपनी इस पारी के दम पर टी20 क्रिकेट में अपने 5000 रनों का आंकड़ा भी पूरा कर लिया। इसके साथ ही वह 40 से अधिक के औसत और 140 प्लस के स्ट्राइक रेट के साथ पांच हजार रन पूरे करने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 5000 रनों का आंकड़ा 175वें मैच में पूरा किया। उन्होंने 166 पारियों में 41.57 के औसत से 5031 रन बना लिए हैं। अपनी टी20 कॅरियर में उन्होंने 5 शतकीय और 30 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। इस दौरान तिलक वर्मा का स्ट्राइक रेट 145.36 का रहा है।
केएल राहुल के नाम दर्ज है रिकॉर्ड
टी20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 5000 रनों का आंकड़ा पूरा करने के मामले में उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान कोहली को पीछे छोड़ दिया है, जिसमें वह इस मामले में 5वें सबसे तेज खिलाड़ी बने हैं। विराट कोहली ने 167 पारियों में टी20 क्रिकेट में अपने पांच हजार रन पूरे किए थे। इस लिस्ट में पहले नंबर पर केएल राहुल का नाम है, जिन्होंने 143 पारियों में अपने अपने पांच हजार रन पूरे किए थे। रुतुराज गायकवाड ने 145, शुभमन गिल ने 154 और अभिषेक शर्मा ने 165 पारियों में पांच हजार रन पूरे किए थे।
PC: cricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें






