जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को लेकर बड़ा बयान दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करने के आरोप को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ा बयान दिया है।

गहलोत ने आज एक्स के माध्यम से कहा कि सवालों से डरी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को अब चुनाव आयोग का वकील बनना पड़ रहा है। हम पहले से कहते आ रहे हैं कि भाजपा और आरएसएस लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते और आज इन्होंने खुद यह साबित कर दिया। विपक्ष का आंदोलन इनके लिए "देश को अस्थिर करने की साजिश" हो गया, जबकि विपक्ष में रहते हुए भाजपा खुद सड़कों पर उतरती थी। तब कौन सी विदेशी ताकत थी और आज कौन सी है? जिन्होंने आजादी की लड़ाई में उंगली तक नहीं कटाई, वे आज लोकतंत्र की आवाज उठाने वालों को देश-विरोधी साबित करने निकले हैं। इनकी जितनी निंदा की जाए, कम है।

गहलोत ने इस संबंध में आगे कहा कि राहुल गांधी ने तो कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली। जो व्यक्ति देश को जोड़ने की बात कर रहा है, आप उसी पर उंगली उठा रहे हैं। यह बेहद शर्मनाक है। देश ने शायद ही कभी देखा हो कि सत्ताधारी पार्टी खुद ही लोकतांत्रिक विरोध को बदनाम करके देश में तनाव बढ़ाने का काम करे।
नितिन नबीन ने दिया था ये बयान
आपको बता दें कि इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे विदेशी ताकतों के जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
PC: aajtak, bhaskar, deccanherald
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें






