Parmarth TV
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर के उदय मंदिर आसन क्षेत्र में पुलिस की दबिश के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत पर दुखद कर इस मामले को बेहद गंभीर करार दिया है। अशोक गहलोत ने आज इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि जोधपुर के उदय मंदिर आसन क्षेत्र में पुलिस की दबिश के दौरान एक युवक की दर्दनाक मृत्यु का मामला अत्यंत दुखद और गंभीर है। आखिर ऐसी क्या परिस्थिति थी कि 6-7 साल पुराने मामूली से मुकदमे में ऐसी दहशत बनाकर दबिश दी गई, जबकि मृतक कोई गंभीर अपराधी नहीं था।
पुलिस अधिकारी कह रहे हैं कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी ही नहीं थी, तो फिर सवाल उठता है कि आखिर पुलिस वहां क्यों गई और यदि गई भी तो घर में मौजूद महिलाओं सहित परिजनों से बदसलूकी क्यों की गई? पुलिस की इस दहशतभरी कार्रवाई से यह हादसा हो गया, जिससे उसकी जान चली गई।
गहलोत ने कहा कि परिजनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा भी पुलिस की कार्यशैली और प्रताड़ना को लेकर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं, ऐसे में पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच होना आवश्यक है, जिससे दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई एवं पीड़ित परिजनों के साथ न्याय सुनिश्चित हो सके। मैंने भी जिला प्रशासन से इस घटना के संबंध में बात की है।
भजनलाल शर्मा को पीड़ित परिवार की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए
गहलोत ने कहा कि पीड़ित परिजन दोषियों पर कार्रवाई, मुआवजा एवं नौकरी की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पीड़ित परिवार की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए। मैं दिवंगत की आत्मा को शांति एवं परिजनों को संबल देने की प्रार्थना करता हूं।
PC: jansatta
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







