Parmarth TV
जयपुर। पंचायती राज आम चुनाव तहत जिला परिषद एवं प्रथम चरण के पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा कर ली गई है। इसके बाद जिला परिषद सदस्य पद के लिए 170 और पंचायत समितियों के लिए 454 वैध नामांकन पाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 57 वार्डों में 8 से 13 अक्टूबर 2026 तक कुल 223 अभ्यर्थियों द्वारा कुल 234 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। संवीक्षा के बाद 62 नामांकन पत्र अस्वीकृत तथा 2 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 170 वैध नामांकन पत्र एवं 170 वैध अभ्यर्थी दर्ज किए गए हैं।
प्रथम चरण में शामिल आठ पंचायत समितियों के 146 वार्डों में कुल 603 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। पंचायत समिति-वार विवरण के अनुसार चौमूं में 104, दूदू में 59, गोविंदगढ़ में 94, झोटवाड़ा में 59, जोबनेर में 86, किशनगढ़-रेनवाल में 75, मौजमाबाद में 62 तथा सांभर में 64 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। संवीक्षा के बाद इन पंचायत समितियों में कुल 145 नामांकन पत्र अस्वीकृत तथा 4 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 454 वैध नामांकन पत्र एवं 454 वैध अभ्यर्थी दर्ज किए गए हैं। पंचायत समिति-वार वैध अभ्यर्थियों की संख्या चौमूं में 75, दूदू में 52, गोविंदगढ़ में 61, झोटवाड़ा में 52, जोबनेर में 62, किशनगढ़-रेनवाल में 53, मौजमाबाद में 50 तथा सांभर में 49 है।
आज अपराह्न 3 बजे तक होगी नाम वापसी
नामांकन प्रक्रिया के आगामी चरणों में नाम वापसी आज अपराह्न 3 बजे तक होगी। नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए प्रथम चरण का मतदान हेतु मतदान दलों का प्रस्थान 21 अक्टूबर को होगा व मतदान 22 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा तथा मतगणना 20 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय पर होगी।
PC: livehindustan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







